वाराणसी : लाइन लॉस पर डीएम सख्त, 15 दिन में सुधार न होने पर जेई, एई, एसडीओ और एक्सईएन के खिलाफ कार्रवाई की दी चेतावनी
वाराणसी। जनपद में बढ़ते विद्युत लाइन लॉस को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर लाइन लॉस में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित जेई, एई, एसडीओ और अधिशासी अभियंताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के डिवीजनवार एवं फीडरवार लाइन लॉस की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई, लाइन लॉस के कारणों और सुधारात्मक उपायों की विस्तृत रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में लाइन लॉस अधिक है, वहां कारणों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली चोरी की आशंका वाले क्षेत्रों में प्रवर्तन अभियान चलाया जाए। साथ ही यदि बिलिंग, मीटर रीडिंग या अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण लाइन लॉस बढ़ रहा है तो उनका तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने हाई लाइन लॉस वाले क्षेत्रों के जिम्मेदार अधिकारियों को विशेष रूप से सचेत करते हुए कहा कि कार्यप्रणाली में सुधार हर हाल में दिखाई देना चाहिए।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित विद्युत संबंधी शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जून माह की प्रगति रिपोर्ट के आधार पर खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
इसके अलावा सभी फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं की सही जियो-टैगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्युत वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाई जा सके। बैठक में मुख्य अभियंता सहित जेई, एई, एसडीओ और अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।