वाराणसी : डीएम ने परियोजनाओं का जाना हाल, कार्यदायी संस्थाओं को दिए सख्त निर्देश

विकास कार्यों में हो रही देरी पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्यदायी संस्थाओं को लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश/जिलांश, क्रिटिकल गैप्स योजना तथा त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
 

वाराणसी। विकास कार्यों में हो रही देरी पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्यदायी संस्थाओं को लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश/जिलांश, क्रिटिकल गैप्स योजना तथा त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं की स्थिति, समय सीमा से विलंबित कार्यों तथा स्वीकृत और अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष भौतिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे विशेष रुचि लेकर निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराएं, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की प्रशासनिक, तकनीकी या भूमि संबंधी बाधा आ रही हो, उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, जिससे उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित कराया जा सके। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अलग से बैठक कर समस्याओं का निस्तारण किया जाए।

बैठक में यूपी सिडको की कुछ परियोजनाओं में जमीन उपलब्ध न होने तथा टेंडर प्रक्रिया में देरी को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, सीएंडडीएस, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, यूपी सिडको, यूपीपीसीएल, यूपी एग्रो, बिजली विभाग और नगर निगम से जुड़े अधिकारी एवं परियोजना प्रबंधक मौजूद रहे।