वाराणसी : परिवार संग पौधारोपण कर डीएम ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बेटियों ने भी लगाया पौधा

प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महाअभियान के तहत रविवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपने सरकारी आवास परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उनकी बेटियां मैत्रेयी और मैथिली भी अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल हुईं और अपने हाथों से पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
 

वाराणसी। प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महाअभियान के तहत रविवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपने सरकारी आवास परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उनकी बेटियां मैत्रेयी और मैथिली भी अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल हुईं और अपने हाथों से पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक पौधारोपण को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न मानकर इसे सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत परिवार से होनी चाहिए। जब परिवार के सभी सदस्य, विशेषकर बच्चे, पौधारोपण जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं, तो समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना स्वतः विकसित होती है। इसी सोच के साथ उनकी बेटियों ने भी पूरे समर्पण और उत्साह के साथ पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। इस अवसर पर राकेश कुमार, जितेंद्र चौबे, मानसिंह, संजय सिंह, राम याद यादव, मोहित, विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।