वाराणसी : मंडलायुक्त ने रात में बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, राहत सामग्री वितरण का जाना हाल, मंगलवार से घट सकता है गंगा का जलस्तर
वाराणसी। जनपद इस समय गंगा और वरूणा की भीषण बाढ़ झेल रहा है। तटवर्ती इलाकों में पानी एक-एक मंजिला घर डूब गए हैं। वहीं सड़कें और गलियां भी जलमग्न हैं। इससे हाहाकार मचा है। जिला प्रशासन आपदाग्रस्त लोगों की मदद में जुटा है। मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने सोमवार की रात बाढ़ प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का दौरा किया। इस दौरान राहत सामग्री वितरण का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त गोदौलिया चौराहा पहुंचे। वहां से उन्होंने सर्वप्रथम राजेंद्र प्रसाद घाट व दशाश्वमेध घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों तक बाढ़ राहत सामग्री जरूर पहुंचे। बाढ़ प्रभावित किसी भी परिवार अथवा व्यक्ति को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में यदि कोई अपने घर में हो तो उसे अनुरोध कर बाढ़ राहत शिविर अथवा सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि गंगा का जलस्तर 72 मीटर से ऊपर है। बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कवायद की जा रही है। उन्होंने बताया कि मंगलवार से गंगा के जलस्तर में कमी की उम्मीद है। जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। उन्होंने जनपदवासियों से सावधानी बरतने की अपील की।