वाराणसी डीएम सत्येंद्र कुमार ने की जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा, अफसरों को सीधा निर्देश- काम में लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास प्राथमिकता वाले 37 बिंदुओं और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं को तय समय के भीतर पूरा किया जाए।
 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास प्राथमिकता वाले 37 बिंदुओं और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं को तय समय के भीतर पूरा किया जाए।

कई महत्वपूर्ण योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। इनमें फैमिली आईडी, पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालय निरीक्षण, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, आयुष्मान कार्ड, पशुधन विभाग, टीकाकरण, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), एनआरएलएम, मनरेगा, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आंगनबाड़ी पोषण अभियान और कौशल विकास मिशन जैसी योजनाएं शामिल रहीं।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तेजी से दिलाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराएं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र लाभार्थियों तक तेजी से लाभ पहुंचाया जाए।

सड़कों के निर्माण और अनुरक्षण में प्रगति लाने पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने नई सड़कों के निर्माण और सड़कों के अनुरक्षण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आवंटित लक्ष्य के अनुसार कार्यों में तेजी लाई जाए और समय पर उन्हें पूरा किया जाए।

किसान सम्मान निधि और छात्रवृत्ति पर भी निर्देश
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों की केवाईसी प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समाज कल्याण अधिकारी को लंबित छात्रवृत्ति से संबंधित डाटा को जल्द अग्रसारित करने को कहा गया। वहीं पंचायती राज विभाग को सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले ग्रामों की समीक्षा कर लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

विभागीय बजट समय से खर्च करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान वित्तीय सत्र समाप्ति की ओर है, इसलिए सभी विभाग अपने बजट की समीक्षा करते हुए नियमों के अनुसार उपलब्ध धनराशि के सापेक्ष प्रस्तावित कार्यों को पूरा कर शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बजट खर्च करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।