वाराणसी : निरीक्षण में तालाब के पास मिली गंदगी, महापौर नाराज, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। सप्ताहव्यापी महा-अभियान के अंतर्गत सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने भिखारीपुर क्षेत्र का दौरा कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तालाब के समीप पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और वहां फैली गंदगी पर कड़ी नाराजगी जताई। महापौर ने मौके पर मौजूद नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सफाई कराने और तालाब के सुंदरीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि तालाब और उसके आसपास का क्षेत्र स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां स्वच्छ और सुंदर वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जलभराव, कचरा निस्तारण और सौंदर्यीकरण के लिए समन्वित योजना बनाकर शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा।
इसके बाद महापौर ने क्षेत्र में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और स्थानीय निवासियों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने 28 अप्रैल को बीएलडब्ल्यू मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री Narendra Modi की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए विशेष रूप से महिलाओं से अपील की।
जनसंपर्क के दौरान महापौर का सहज और आत्मीय रूप भी देखने को मिला, जब उन्होंने ककरमत्ता स्थित एक चाय की दुकान पर रुककर चाय पी और आम लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, पार्षद सुरेश पटेल, श्याम भूषण, अतुल पांडेय, विनीत सिंह, अभय, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह तथा मुख्य अभियंता आरके सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।