वाराणसी : देईपुर की बेटी आकांक्षा चौरसिया बनीं समीक्षा अधिकारी, गांव में हर्ष, हुआ भव्य स्वागत
वाराणसी। जंसा क्षेत्र स्थित देईपुर गांव की प्रतिभाशाली बेटी आकांक्षा चौरसिया ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर समीक्षा अधिकारी (Review Officer) पद प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।
आकांक्षा, दुर्गा प्रसाद चौरसिया और सीता चौरसिया की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अर्जुन प्रसाद मेमोरियल स्कूल से हाईस्कूल तक पूरी की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई सेंट जॉन्स स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने राजा बलवंत सिंह कॉलेज से बीएससी में गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी मेधा का परिचय दिया।
बताया जाता है कि आकांक्षा ने वर्ष 2023 में प्रयागराज में रहकर इस परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने वर्ष 2026 में यह सफलता हासिल की। उनकी यह उपलब्धि आज युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
घर आगमन पर उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, रिश्तेदार और शुभचिंतक बड़ी संख्या में शामिल हुए। परिवार के सदस्यों ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि आकांक्षा ने अपनी लगन से यह सिद्ध कर दिया कि कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।