वाराणसी : नाश्ता बनाते समय तेज धमाके के साथ फटा सिलेंडर, खिड़की, दरवाजे और टीन शेड क्षतिग्रस्त, मची अफरातफरी

भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन बजरडीहा इलाके में मंगलवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से एक मकान में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब सात बजे नाश्ता बनाते समय सिलेंडर में आग लग गई। परिवार के लोग बच्चों को लेकर घर से बाहर निकल गए। इसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। हादसे में घर का दरवाजा, टीन शेड और गृहस्थी का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
 

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन बजरडीहा इलाके में मंगलवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से एक मकान में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब सात बजे नाश्ता बनाते समय सिलेंडर में आग लग गई। परिवार के लोग बच्चों को लेकर घर से बाहर निकल गए। इसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। हादसे में घर का दरवाजा, टीन शेड और गृहस्थी का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह मकान में गैस चूल्हे पर नाश्ता बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर परिवार के लोग घबरा गए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए महिला बच्चों को लेकर तत्काल घर से बाहर निकल गई। परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। कुछ ही देर बाद सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।


धमाके से घर का सामान बिखरा
सिलेंडर फटने के बाद मकान के अंदर रखा सामान इधर-उधर बिखर गया। घर का दरवाजा और टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गए। परिवार के मुताबिक, हादसे में कूलर, फ्रिज, पंखा, बर्तन समेत गृहस्थी का काफी सामान नष्ट हो गया। धमाके के कारण मकान के अंदर काफी नुकसान हुआ है। घटना की प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि सिलेंडर में आग लगते ही परिवार के लोग घबरा गए थे। उस समय बच्चे भी घर में मौजूद थे। आग बढ़ती देखकर वह बच्चों को लेकर बाहर निकल गईं। उनके घर से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद सिलेंडर फट गया। महिला के अनुसार, हादसे में गृहस्थी का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया।


तेज धमाके से आसपास के लोग सहमे
स्थानीय निवासी रुखसाना ने बताया कि सिलेंडर फटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि परिवार को पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया था, लेकिन उनकी जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना नहीं दी गई।