वाराणसी : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम, मुआवजे की मांग 

सारनाथ थाना क्षेत्र के पहाड़िया-बेला मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक जाम लगाया। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
 

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया-बेला मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक जाम लगाया। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

चोलापुर थाना क्षेत्र के नवापुरा निवासी 45 वर्षीय संजय राजभर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे साइकिल से पहाड़िया नई बस्ती मजदूरी करने जा रहे थे। वह जैसे ही पहाड़िया-बेला मार्ग स्थित परशुरामपुर इलाके में पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय के सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर पहाड़िया-बेला मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन, बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ तथा परिवार के लिए आवास निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने की मांग की।

सड़क जाम की सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त विनय कुमार द्विवेदी, एसडीएम नीतू तथा सारनाथ पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।