वाराणसी : CBI अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने शिक्षक को दिया झांसा, 66 हजार ठगे, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक निजी शिक्षक से 66 हजार रुपये ठग लिए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
चक्रपानपुर गांव निवासी चंद्रशेखर बिंद, जो पेशे से निजी शिक्षक हैं, को दो दिन पहले एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि उनके मोबाइल नंबर से एक सिम कार्ड जारी कर करोड़ों रुपये की ठगी की गई है और इस मामले में उन्हें आरोपी बनाया गया है।
इसके बाद एक महिला ने भी खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताते हुए बात की और फिर एक अन्य व्यक्ति ने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताकर कार्रवाई और जेल भेजने की धमकी दी। ठगों ने पीड़ित को लगातार मानसिक दबाव में रखते हुए मामले को खत्म करने के नाम पर 66 हजार रुपये की मांग की।
डरे-सहमे पीड़ित ने ठगों के झांसे में आकर दो किश्तों में पूरी रकम भेज दी। पूरी बातचीत व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से कराई गई, जिससे ठगों ने अपनी पहचान छिपाए रखी। रकम भेजने के बाद जब संपर्क पूरी तरह बंद हो गया, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साइबर ठगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।