वाराणसी : किसान का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 4.60 लाख, जांच में जुटी पुलिस 

साइबर जालसाजों ने किसान का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 4.60 लाख रुपये की रकम उड़ा दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने बैंक कर्मियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
 

वाराणसी। साइबर जालसाजों ने किसान का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 4.60 लाख रुपये की रकम उड़ा दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने बैंक कर्मियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।

फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा झंझोर निवासी राजकुमार पटेल ने पुलिस को बताया कि उनका बैंक खाता जक्खिनी स्थित ग्रामीण बैंक की पिंडरा शाखा में है। वह इसी खाते से लेन-देन करते हैं। पीड़ित के मुताबिक, साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर खाते से रुपये निकालने शुरू कर दिए। खाते से संदिग्ध लेन-देन होने के बावजूद बैंक की ओर से समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़ित के खाते से साइबर ठगों ने 14 सितंबर को एक बार में 8 हजार रुपये निकाले। इसके बाद 10 सितंबर को 4999 रुपये की दो बार निकासी हुई। 17 सितंबर को एक ही दिन में कई बड़ी निकासी की गईं। इस तरह कुल 4,60,476 रुपये की धोखाधड़ी हुई।

राजकुमार ने शिकायत में बैंक कर्मचारियों की संलिप्तता की आशंका भी जताई है। मामले की जांच साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल की टीम कर रही है। टीम बैंक खातों से हुए ट्रांजेक्शन और रकम के प्रवाह की जांच में जुटी है।