वाराणसी : बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठग ने एक घंटे तक किया मोबाइल हैक, खाते से 1.93 लाख उड़ाए
वाराणसी। बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठग ने पहले रामनगर निवासी एसबीआई ग्राहक का भरोसा जीता और फिर लिंक भेजकर उसका मोबाइल हैक कर लिया। करीब एक घंटे तक मोबाइल पर नियंत्रण बनाए रखने के दौरान ठग ने क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के जरिए खाते से 1.93 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित एसबी तिवारी के मुताबिक, सोमवार को उनके मोबाइल पर चेक बिलियर होने के संबंध में खाते की केवाईसी के लिए संदेश आया था। उन्होंने जानकारी के लिए कर्मचारी को फोनकर बैंक का नंबर मांगा तो उसने गूगल से ढूंढकर नंबर दिया। पीड़ित ने उस नंबर पर फोन किया तो सामने वाले ने खुद को बैंक मैनेजर बताया।
क्रेडिट कार्ड से निकाले 1.65 लाख
बातचीत के दौरान साइबर ठग ने मोबाइल को डायवर्ट मोड पर कर दिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक पीड़ित को ठगी का भनक तक नहीं लगी। इसी दौरान ठग ने क्रेडिट कार्ड से 1.65 लाख रुपये की निकासी कर ली। इसके बाद खाते का यूपीआई तैयार कर बचे हुए रुपये भी निकाल लिए गए।
मोबाइल को डायवर्ट मोड पर रखे जाने के कारण पीड़ित को तत्काल लेनदेन की जानकारी नहीं मिल सकी। ठगी का पता चलने के बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत की और ऑनलाइन भी शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।