वाराणसी में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दंपती की मौत, मचा कोहराम
वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के भदेवली गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव निवासी रमेश चंद्र भारती (58 वर्ष) और उनकी पत्नी चमेला देवी (56 वर्ष) खेत में गेहूं की फसल का बोझ बांधने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए दंपती पास ही स्थित नटवा बीर बाबा मंदिर की ओर चले गए और मंदिर के समीप एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घटना से मृतक दंपती के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है और शोक में डूबा हुआ है। रमेशचंद्र भारती पूर्व माध्यमिक स्कूल में शिक्षक थे।