वाराणसी : दुर्व्यवहार के आरोप में सिपाही निलंबित, जांच के बाद डीसीपी ने की कार्रवाई
वाराणसी। पांडेयपुर पुलिस चौकी में पत्रकार से कथित दुर्व्यवहार के मामले में रोहनिया थाने में तैनात सिपाही पर कार्रवाई हुई है। जांच के बाद डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। आरोप है कि सिपाही बिना किसी सूचना के अपना थाना छोड़कर पांडेयपुर पुलिस चौकी पहुंचा था। वहां विवाद और कथित दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आई।
बताया गया कि पांडेयपुर चौकी के समीप रहने वाले देवेंद्र कुमार पांडेय ने पुलिसकर्मी पर चौकी के अंदर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार लालपुर-पांडेयपुर थाने पहुंच गए। लोगों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान तेज बारिश भी लोगों का विरोध नहीं रोक सकी। कुछ लोगों ने शर्ट उतारकर भी विरोध जताया और आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इससे पुलिस प्रशासन में भी हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने रोहनिया थाने में तैनात आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया।