वाराणसी : थाने के व्हाट्सएप ग्रुप में सिपाही का इस्तीफा, सोशल मीडिया में वायरल हुआ पत्र, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
वाराणसी। रामनगर थाने में तैनात एक सिपाही के इस्तीफे का आवेदन थाने के व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट किए जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आवेदन में सिपाही ने लगातार ड्यूटी से परेशान होने की बात कहते हुए स्वेच्छा से कार्यमुक्त किए जाने का अनुरोध किया। ग्रुप में पुलिस अधिकारियों के भी शामिल होने के कारण मामला तत्काल चर्चा में आ गया। बाद में अधिकारियों के समझाने पर सिपाही ने आवेदन डिलीट कर दिया, लेकिन ग्रुप के एक सदस्य द्वारा आवेदन वायरल किए जाने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार, रामनगर थाने में तैनात सिपाही देवगन चौहान ने थाने के व्हाट्सएप ग्रुप पर अपना इस्तीफा पत्र पोस्ट किया था। पत्र में उन्होंने लिखा कि उनके अंदर विशिष्ट मानवों जैसी शक्तियां नहीं हैं और वह 24 घंटे, सातों दिन प्रत्येक दिन काम करने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने अपनी इच्छा से पुलिस सेवा से कार्यमुक्त किए जाने की बात आवेदन में कही। बताया जा रहा है कि सिपाही की ड्यूटी अक्सर ट्रॉमा सेंटर में इलाज करा रहे मरीज के साथ लगती है। लगातार ड्यूटी से परेशान होकर सिपाही ने यह आवेदन ग्रुप में डाल दिया। आवेदन सामने आते ही पुलिस अधिकारियों में हलचल मच गई। अधिकारियों ने सिपाही से बातचीत कर उसे समझाया और मामले को शांत कराया। इसके बाद सिपाही ने व्हाट्सएप ग्रुप से इस्तीफे का पत्र डिलीट कर दिया।
हालांकि, इससे पहले ग्रुप के किसी सदस्य ने आवेदन को सुरक्षित कर लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। देखते ही देखते सिपाही का इस्तीफा पत्र चर्चा में आ गया। रामनगर थाना अध्यक्ष संजय मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिपाही ने ड्यूटी से परेशान होकर व्हाट्सएप ग्रुप में इस्तीफे का आवेदन पोस्ट किया था। अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद उसने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। उन्होंने बताया कि मामले में स्थिति अब सामान्य है।