वाराणसी : कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने राम मंदिर ट्रस्ट पर लगाए गंभीर आरोप, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
वाराणसी। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कथित चढ़ावा और चंदा अनियमितताओं के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सार्वजनिक जवाब देने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और विश्वास के साथ दान दिया, लेकिन कथित वित्तीय अनियमितताओं से करोड़ों भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रस्ट से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
डॉ. नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा की थी और मंदिर निर्माण से जुड़े प्रमुख कार्यक्रमों में भी उनकी भूमिका रही है। ऐसे में इस पूरे प्रकरण पर उनकी चुप्पी उचित नहीं है। उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग की।
कांग्रेस की ओर से पांच प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें प्रधानमंत्री से पूरे मामले पर जवाब देने, कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच, वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर नया पारदर्शी ट्रस्ट गठित करने तथा मंदिर से जुड़े चढ़ावे, चंदे, भूमि खरीद और अन्य खर्चों का फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग शामिल है।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. रागिनी नायक ने कथित रूप से दान, चढ़ावे और ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई सवाल भी उठाए और कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, संजीव सिंह, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, दिलीप चौबे, अरुण सोनी, वकील अंसारी, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, विकास कौण्डिल्य, रोहित दुबे, परवेज खान, किशन यादव, अरविन्द सेठ, रामजी गुप्ता सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।