वाराणसी : पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए उठाई आवाज, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
वाराणसी। कांग्रेस ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। लहुराबीर स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी। संजीव सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 से राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आती रही हैं और इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा में देश भर के लगभग 23 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आने के बाद सरकार को परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करनी पड़ी। कांग्रेस का दावा है कि री-नीट परीक्षा के दौरान भी कई स्थानों पर अनियमितताओं की शिकायतें मिलीं।
संजीव सिंह ने कहा कि नीट के अलावा विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी पेपर लीक तथा परीक्षा संबंधी विवाद सामने आए हैं। उनका आरोप है कि इससे लाखों युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली इन घटनाओं से छात्रों में मानसिक तनाव बढ़ा है और कई राज्यों में छात्रों द्वारा आत्महत्या के मामले भी सामने आए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा बजट और शिक्षा के निजीकरण का मुद्दा भी उठाया। उनका दावा था कि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौरान शिक्षा पर कुल बजट का अधिक हिस्सा खर्च किया जाता था, जबकि वर्तमान में शिक्षा पर सरकारी व्यय में कमी आई है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की संख्या घटने और निजी शिक्षण संस्थानों के बढ़ने से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए “छात्रों की गूंज” अभियान का भी उल्लेख किया। पार्टी नेताओं के अनुसार इस अभियान के माध्यम से छात्रों, अभिभावकों और युवाओं से सीधे संवाद कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आगामी 10 जुलाई को प्रयागराज में भी छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।