पुलिस आयुक्त ने वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर किया व्यापक निरीक्षण, अवैध स्टैंड एवं अव्यवस्थित यातायात पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की पड़ताल की। इस दौरान अवैध स्टैंड और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने जल्द से जल्द सुधार के निर्देश दिए। किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस आयुक्त ने लहरतारा चौराहा, मोहनसराय, ट्रांसपोर्ट नगर, मिर्जामुराद एवं कछवां रोड तक स्थलीय भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा एवं जनसुविधाओं का निरीक्षण किया। अंडरपास के नीचे संचालित अवैध स्टैंड एवं दुकानों को तत्काल हटवाने तथा प्रमुख चौराहों एवं तिराहों को पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त रखते हुए सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
लहरतारा अंडरपास के नीचे संचालित अवैध स्टैंड, सड़क किनारे खड़ी बसों एवं अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बौलिया तिराहे पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, सड़क पर खड़ी बसों, अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के कारण बाधित यातायात व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मोहनसराय, मातलदेई कट एवं सर्विस लेन पर विपरीत दिशा से संचालित वाहनों, अवैध अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित यातायात पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नियमित ड्यूटी लगाकर सघन चेकिंग कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कछवां रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में लग रहे जाम एवं दुर्घटनाओं पर गंभीरता व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी मिर्जामुराद एवं चौकी प्रभारी कछवां रोड को अतिक्रमणकारियों एवं अव्यवस्थित वाहनों पर सख्त कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
हाईवे किनारे खड़े वाहनों एवं विपरीत दिशा में चल रहे वाहनों के कारण बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर कड़ी चेतावनी देते हुए पुलिस आयुक्त द्वारा प्रभावी कार्रवाई एवं नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। नपद में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अंतर्गत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर बिना नंबर प्लेट, रांग साइड एवं अवैध रूप से परिवर्तित नंबर प्लेट वाले वाहनों पर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
सड़क सुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में कुल 27 वाहन सीज़ किए गए तथा 681 वाहनों का चालान करते हुए कुल 13,35,000/- रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। साथ ही 05 अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी गोमती जोन नीतू कात्यायन, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त श्री अजय कुमार श्रीवास्तव व अन्य पुलिस बल उपस्थित रहे।