वाराणसी : हॉस्टल की छत से गिरी 12वीं की छात्रा, इलाज के दौरान मौत

लोहता थाना क्षेत्र के धन्नीपुर गांव स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 12वीं की छात्रा की सोमवार दोपहर मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हॉस्टल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर छात्रा के छत से गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
 

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के धन्नीपुर गांव स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 12वीं की छात्रा की सोमवार दोपहर मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हॉस्टल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर छात्रा के छत से गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मृतका की पहचान ओडिशा के राउरकेला स्थित बिसरा थाना क्षेत्र के संतोषपुर गांव निवासी बेनीड एक्का की 18 वर्षीय बेटी अनामिका एक्का के रूप में हुई। वह धन्नीपुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रहकर चांदपुर के एक कॉलेज में 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। रविवार रात करीब 12 बजे अनामिका हॉस्टल के पीछे की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई। घटना की जानकारी होने पर हॉस्टल की वार्डन उसे तत्काल कोरौता-गोपालपुर स्थित सेंट मैरिज अस्पताल ले गईं। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान सोमवार दोपहर छात्रा ने दम तोड़ दिया।

अस्पताल की सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेज दिया। सूचना मिलने पर छात्रा के पिता भी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने की बात कही। पिता ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी भी इसी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर चुकी है।


फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर एडीसीपी वरुणा जोन, एसीपी रोहनिया और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हॉस्टल में छात्रा के कमरे की जांच की और वहां से एक छोटा बैग व कुछ किताबें कब्जे में लीं। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने बताया कि हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को कब्जे में लेकर फुटेज की जांच की जा रही है। वार्डन से भी पूछताछ की गई है। पुलिस छात्रा के छत से गिरने के कारणों और घटना से पहले के घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।