वाराणसी : बरगद की छांव में लगी ‘पर्यावरण पाठशाला’, वन महोत्सव में बच्चों ने किया पौधरोपण, संरक्षण का लिया संकल्प

देशव्यापी वन महोत्सव अभियान के तहत शुक्रवार को कबीरचौरा स्थित कम्पोजिट विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में 137 सीईटीएफ, 39 गंगा टास्क फोर्स तथा नमामि गंगे गंगा विचार मंच की जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण, जल एवं नदी संरक्षण तथा स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया गया।
 

वाराणसी। देशव्यापी वन महोत्सव अभियान के तहत शुक्रवार को कबीरचौरा स्थित कम्पोजिट विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में 137 सीईटीएफ, 39 गंगा टास्क फोर्स तथा नमामि गंगे गंगा विचार मंच की जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण, जल एवं नदी संरक्षण तथा स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की सबसे खास बात विद्यालय परिसर में स्थित वर्षों पुराने बरगद के पेड़ की छांव में आयोजित ‘पर्यावरण की कक्षा’ रही। यहां सेना के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शिक्षकों ने बच्चों को प्रकृति, पेड़-पौधों और जल संरक्षण के महत्व के बारे में सरल और रोचक तरीके से जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि स्वस्थ पर्यावरण ही सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी नींव है।

वक्ताओं ने कहा कि आज तेजी से बढ़ता पर्यावरणीय असंतुलन, बदलता मौसम, भूगर्भ जल स्तर में लगातार गिरावट, नदियों का बढ़ता प्रदूषण और कंक्रीट के फैलते जंगल गंभीर चिंता का विषय हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए बचपन से ही बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी विकसित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ प्रकृति प्रेम का संदेश दिया गया।

वन महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। नन्हे हाथों ने पौधरोपण के साथ इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को खेल-खेल में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, स्वच्छता और जल बचाने के महत्व से जुड़ी रोचक जानकारियां दी गईं।

आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण से जुड़े सवालों के सही जवाब देकर उपहार भी प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में 137 सीईटीएफ, 39 गंगा टास्क फोर्स की ओर से सभी प्रतिभागियों को औषधीय पौधे भेंट किए गए, ताकि वे अपने घरों और आसपास भी हरियाली बढ़ाने में योगदान दे सकें।

इस अवसर पर समाजसेविका सीए जमुना शुक्ला, गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट, नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि, चारुशिला सिन्हा, प्रीति रवि जायसवाल, रंजना गुप्ता, विद्यालय की प्रधानाचार्य मधु सिंह, सहायक अध्यापिकाएं प्रतिमा चौरसिया, हेमप्रभा उपाध्याय, सरस्वती मिश्रा, शिक्षक हिमांशु श्रीवास्तव, भीम सिंह, राजीव शंकर तिवारी, दीपेंद्र, रोहित, शालिनी गौड़ सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।