वाराणसी : फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़पने की साजिश, पूर्व चौकी प्रभारी समेत 5 पर केस दर्ज

चौबेपुर थाना क्षेत्र में फर्जी कागजात के जरिए जमीन हड़पने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पूर्व चौकी प्रभारी सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
 

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में फर्जी कागजात के जरिए जमीन हड़पने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पूर्व चौकी प्रभारी सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़ित बराई निवासी वीरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपियों ने साजिश के तहत फर्जी स्टांप और कागजात तैयार कर खरीदी गई जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। फर्जी दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। इससे नामांतरण की प्रक्रिया भी प्रभावित हुए। 

मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी चिरईगांव पंकज कुमार राय पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित का कहना है कि शिकायत करने पर उसे दबाव में लिया गया और मामले को दबाने का प्रयास किया गया। हालांकि शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ।

अनियमितताओं के सामने आने पर जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर से शिकायत की गई, जिसके बाद प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद न्यायालय ने पहले के आदेश को संदिग्ध मानते हुए निरस्त कर दिया और एसडीएम को मामले की जांच के निर्देश दिए।

पुलिस ने मामले में आरोपी लक्ष्मीना देवी, लालजी, उमाशंकर मिश्रा, तत्कालीन चौकी प्रभारी पंकज कुमार राय और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।