वाराणसी : शादी समारोह से लौट रही कार पेड़ से टकराई, बुजुर्ग बाराती की मौत, दो गंभीर
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के जक्खिनी चौकी अंतर्गत जमुनी और तिलंगा गांव के बीच शनिवार को बारात से लौट रही कार अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार 73 वर्षीय कृपा शंकर उपाध्याय की मौत हो गई, जबकि करीब 70 वर्षीय जीत नारायण शुक्ला और 30 वर्षीय चालक संगम चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दोनों घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव से बारात वाराणसी के मरुई गांव निवासी सुभाष शुक्ला की पुत्री की शादी में आई थी। विवाह समारोह शहंशाहपुर स्थित श्याम मैरिज लॉन में आयोजित था। शादी की रस्मों और भोजन के बाद बाराती कार से अपने गांव भगीरथपुर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को कार जैसे ही जक्खिनी चौकी क्षेत्र के जमुनी और तिलंगा गांव के बीच पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे शीशम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने कृपा शंकर उपाध्याय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जीत नारायण शुक्ला और चालक संगम चौबे की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार के संबंध में जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।