वाराणसी : अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी कार, एक की मौत, चार घायल, तेरहवीं से लौटते समय हुआ हादसा

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पानी से भरे तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार ओमप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना (58) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पानी से भरे तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार ओमप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना (58) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

खजुरी निवासी ओमप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना, सुभाष सिंह, सचिन सिंह और अमन सिंह खालिसपुर गांव में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बुधवार देर शाम सभी कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान खालिसपुर गांव के पास चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे तालाब में जा गिरी।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कार तालाब में डूबने के कारण उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे। ग्रामीणों ने तत्काल कार का शीशा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने ओमप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में ओमप्रकाश सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।