वाराणसी : कैंसर मरीज ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर केंद्र की चौथी मंजिल से लगाई छलांग, मौत

चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर केंद्र में इलाज करा रहे करीब 35 वर्षीय कैंसर मरीज ने देर रात अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मरीज को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक बताई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवा दिया है।
 

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर केंद्र में इलाज करा रहे करीब 35 वर्षीय कैंसर मरीज ने देर रात अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मरीज को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक बताई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवा दिया है।

रामेश्वर कुमार पुत्र नंदकिशोर, निवासी ग्राम मोहजम्मा, थाना पारु, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार, उम्र करीब 35 वर्ष, पिछले कई दिनों से कैंसर का इलाज कराने के लिए महामना कैंसर संस्थान में भर्ती थे। बताया जा रहा है कि उनका एक दिन पूर्व ही ऑपरेशन हुआ था। बीती रात करीब 12:50 बजे रामेश्वर कुमार ने आईपीडी के वार्ड नंबर-4 की चौथी मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल मरीज को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

घटना की सूचना मिलने पर चितईपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस द्वारा घटना के कारणों का पता लगाने के लिए अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी में मरीज द्वारा चौथी मंजिल से छलांग लगाने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसके पीछे क्या वजह थी और घटना से पहले उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है और पोस्टमार्टम समेत अन्य प्रक्रियाएं पूरी कराई जाएंगी।

घटना के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच भी चिंता का माहौल देखा गया। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है, ताकि पूरी घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।