वाराणसी : व्यवसायी ने पिस्टल से खुद को मारी गोली, मचा कोहराम, घटना की जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में गुरुवार सुबह एक व्यवसायी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि करीब 50 वर्षीय विजेंद्र सोनी घर के बाहर चबूतरे पर गंभीर हालत में मिले। परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी होने पर तत्काल उन्हें उपचार के लिए सिंह मेडिकल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब पांच बजे की है। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
बताया जा रहा है कि विजेंद्र सोनी के पास लाइसेंसी पिस्टल थी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोली लगने की परिस्थितियां क्या थीं और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है। मामले में परिजनों से पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घायल का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।