वाराणसी : लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारने वाले कपड़ा व्यवसायी की मौत, डायरी के पन्ने पर मिला कथित सुसाइड नोट, बदनाम किए जाने और मजबूरी का किया था जिक्र
वाराणसी। पांडेयपुर चौराहे के पास रहने वाले साड़ी और आभूषण कारोबारी विजेंद्र सोनी (50) की मंगलवार रात बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। बीते 10 सितंबर की सुबह उन्होंने अपने घर के पास खुद को गोली मार ली थी। गंभीर हालत में उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां करीब 12 दिनों तक उनका उपचार चला।
विजेंद्र सोनी ने 10 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे अपने घर से लगभग 30 मीटर दूर छोटे भाई जितेंद्र सोनी की दुकान के पास सीढ़ी की आड़ में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डायरी के पन्ने पर मिला कथित सुसाइड नोट
कैंट पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान विजेंद्र सोनी की डायरी के एक पन्ने पर कथित सुसाइड नोट मिला था। पुलिस के अनुसार, उसमें उन्होंने खुद को बदनाम किए जाने और मजबूरी का जिक्र किया था। साथ ही बेटी की शादी करने और बेटे का ध्यान रखने की बात भी लिखी थी। पुलिस कथित सुसाइड नोट की जांच करने के साथ ही घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। विजेंद्र सोनी की मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। वहीं, इलाके के व्यापारियों में भी दुख का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।