वाराणसी : परीक्षा में असफलता और प्रेम संबंध टूटने से तनाव में था बीटीसी छात्र, फंदे से लटककर दी जान
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र की अशोक पुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह एक बीटीसी छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुलतानपुर जिले के रीखपुर निवासी दीपक तिवारी (35) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह हाल ही में बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा में असफल होने और प्रेम संबंध टूटने के कारण मानसिक तनाव में था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया गया कि दीपक अपने परिवार के साथ अशोक पुरम स्थित दो मंजिला मकान में रहता था। रात में भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह करीब सात बजे जब उसकी मां उसे जगाने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों और पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर रोशनदान में गमछे के सहारे दीपक का शव लटका मिला। कमरे से उसके दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि दीपक बीटीसी का छात्र था और उसने हाल ही में बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन वह पांच अंकों से परीक्षा पास नहीं कर सका। इसके अलावा वह एक युवती से प्रेम करता था, जिसका शिक्षक पद पर चयन हो गया था। परिजनों के अनुसार पहले दोनों की शादी तय थी, लेकिन बाद में युवती के परिवार ने कहीं और विवाह तय कर दिया। परीक्षा में असफलता और रिश्ता टूटने के दोहरे सदमे से वह गहरे तनाव में चल रहा था।
मृतक के पिता अशोक तिवारी रेलवे में टीटीई के पद से एक वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए हैं। दीपक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।