वाराणसी : गंगा में नहाने गए भाई-बहन की डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर गांव में गंगा में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के कांवर गांव निवासी 18 वर्षीय शुभम निषाद और उसकी 10 वर्षीय बहन अनन्या के रूप में हुई है।
 

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर गांव में गंगा में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के कांवर गांव निवासी 18 वर्षीय शुभम निषाद और उसकी 10 वर्षीय बहन अनन्या के रूप में हुई है।

शुभम और अनन्या शनिवार को अपनी बुआ विमला देवी के घर गंगापुर गांव घूमने आए थे। उनके पिता नन्दकिशोर निषाद लखनऊ में निजी नौकरी करते हैं। परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। शुभम और अनन्या महड़ौरा स्थित एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत थे।

रविवार सुबह दोनों भाई-बहन घर से निकलकर पास स्थित गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी होती, तब तक दोनों पानी में डूब चुके थे। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तथा तत्काल उनकी तलाश शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए गंगा में उतरकर दोनों की खोजबीन की। काफी प्रयास के बाद शुभम और अनन्या को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही गंगा तट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

हादसे की सूचना जैसे ही चंदौली स्थित उनके पैतृक गांव कांवर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। दोनों के शव गांव लाए गए, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक पहुंचे। शव पहुंचते ही पिता नन्दकिशोर निषाद, मां सुनीता देवी, छोटी बहन और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिजन दोनों शवों को अपने गांव लेकर चले गए। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।