वाराणसी : मैरेज लॉन से दुल्हन के लाखों के गहने गायब, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, पूछताछ

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव स्थित कृष्णा मैरिज लॉन में शनिवार की देर रात एक विवाह समारोह के दौरान दुल्हन के कमरे से लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही लॉन में कार्यरत कई वेटरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव स्थित कृष्णा मैरिज लॉन में शनिवार की देर रात एक विवाह समारोह के दौरान दुल्हन के कमरे से लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही लॉन में कार्यरत कई वेटरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

चित्रसेनपुर निवासी राजेश सोनकर की दो बेटियों की शादी उक्त मैरिज लॉन में हो रही थी। बारात आगमन के बाद जयमाल की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच दोनों दुल्हनें अपने कमरे से स्टेज पर चली गईं। आरोप है कि इसी दौरान पहले से मौके की तलाश में बैठे चोर कमरे में घुस गए और बैग में रखे कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी तब हुई जब राजेश की बहन तीजा कमरे में पहुंचीं। उन्होंने देखा कि बैग खुला पड़ा है और उसमें रखे जेवरात गायब हैं, जबकि अन्य सामान बिखरा हुआ था। यह देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक चोरी गए सामान में दो सोने की चेन, दो अंगूठियां, दो जोड़ी झुमके, एक सोने की नथुनी, चांदी के आभूषण और कुछ नकदी शामिल है। कुल नुकसान करीब 10 लाख रुपये आंका जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के आधार पर लॉन में कार्यरत आधा दर्जन वेटरों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि फुटेज में दिख रहे संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।