वाराणसी : मोटा दूल्हा देख शादी के दिन घर से भागी दुल्हन, छोटी बहन से हुई शादी, फिर घर लौटी बड़ी बहन
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के धमरिया कस्बे में मंगलवार को एक अनोखा मामला सामने आया, जब एक युवती ने अपने मोटे दूल्हे को देखकर शादी से इनकार कर दिया और शादी के दिन घर से भाग गई। यह घटना उस समय और पेचीदा हो गई जब परिवार वालों ने शादी के लिए उसकी छोटी बहन को तैयार कर दिया। बाद में जब बारात स्थल पर शादी की रस्में चल रही थीं, तभी बड़ी बहन भी लौट आई और पूरे मामले का खुलासा किया।
दरअसल, धमरिया की एक युवती की शादी लोहता थाना क्षेत्र के परिजनपुर गांव के युवक से तय हुई थी। युवती ने जब पहली बार अपने होने वाले पति को देखा तो उसका मोटापा देखकर शादी से मना कर दिया। उसने परिजनों से स्पष्ट कह दिया कि वह इस शादी को स्वीकार नहीं करेगी, लेकिन परिवार उस पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
मंगलवार को जब बारात आने वाली थी, उससे पहले ही लड़की सुबह घर से भाग गई। इस पर लड़की के घरवालों में हड़कंप मच गया और पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस लड़की की तलाश में जुट गई। शाम को बारात धमरिया के एक लान में पहुंच गई। जब दूल्हे पक्ष को दुल्हन के फरार होने की जानकारी मिली तो उन्होंने शादी से इनकार कर दिया।
हालात बिगड़ते देख वधु पक्ष थाने पहुंचा और पुलिस से शादी कराने की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने दोनों पक्षों को काफी देर तक समझाया, जिसके बाद सहमति बनी कि लड़की की छोटी बहन से शादी की जाए। इसी बीच शादी की रस्में शुरू हुईं और ठीक उसी समय बड़ी बहन भी लौट आई।
उसने बताया कि वह लड़के का मोटापा देखकर शादी नहीं करना चाहती थी, इसलिए वह घर से भाग गई थी और दिनभर कैंट स्टेशन पर रही। लेकिन जब सुना कि उसकी छोटी बहन की शादी हो रही है तो वह वापस आ गई। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।