वाराणसी : जयमाल के बीच पहुंचा प्रेमी, दुल्हन ने दूल्हे को छोड़ प्रेमी संग रचाई शादी, बारात वापस लौटी, मचा हड़कंप
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाल के दौरान दुल्हन ने अपने प्रेमी के पक्ष में खुलकर सबके सामने फैसला सुना दिया। घटनाक्रम इतना अचानक हुआ कि शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और आखिरकार दूल्हा बिना शादी किए बारात लेकर वापस लौट गया। बाद में पुलिस चौकी में घंटों चली पंचायत के बाद दुल्हन की शादी उसके प्रेमी से करा दी गई।
मामला लोहता थाना क्षेत्र के छीतौनी गांव का है। यहां निवासी पारस राजभर ने अपनी बेटी की शादी रोहित कुमार के साथ तय की थी। गुरुवार रात धूमधाम से बारात गांव पहुंची। द्वारपूजा और अन्य रस्मों के बाद जयमाल की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान भटौली गांव निवासी पवन राजभर अचानक शादी समारोह में पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि पवन ने दुल्हन से शादी करने की जिद शुरू कर दी। यह देखकर दोनों पक्षों के लोग नाराज हो गए और गांव वालों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। तभी दुल्हन स्टेज से उतरकर दौड़ती हुई मौके पर पहुंची और प्रेमी को बचाने के लिए उसके सामने खड़ी हो गई। दुल्हन ने साफ शब्दों में कहा कि “कोई मेरे पवन को हाथ नहीं लगाए, मारना है तो मुझे मारो।” दुल्हन की यह बात सुनते ही शादी समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए।
दुल्हन के खुले समर्थन के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया। दूल्हा पक्ष ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताई और शादी से इनकार कर दिया। कुछ देर बाद दूल्हा बिना शादी किए अपनी बारात लेकर वापस लौट गया। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। दोनों पक्षों को चौकी लाया गया, जहां देर रात तक पंचायत चलती रही। बातचीत के दौरान यह बात सामने आई कि दुल्हन और पवन पहले से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। अंततः दोनों परिवारों की सहमति से दुल्हन की शादी उसके प्रेमी पवन राजभर से करा दी गई। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।