वाराणसी : प्रेमी-प्रेमिका खाने-पीने की चीजों में नशीली दवा मिलाकर यात्रियों से करते थे लूट, दो जहरखुरान पकड़े गए, नशीली दवा और चोरी का सामान बरामद
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर अकेली महिला यात्रियों को निशाना बनाकर जहरखुरानी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक प्रेमी-प्रेमिका को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीली दवा और यात्रियों से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। मामले का खुलासा एक महिला यात्री की शिकायत के बाद हुई जांच में हुआ।
जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि झारखंड निवासी शोभा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बनारस स्टेशन से यात्रा के दौरान उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसका सामान चोरी कर लिया गया। शिकायत मिलते ही जीआरपी कैंट स्टेशन की टीम ने मामले की जांच शुरू की। स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों रामदयाल मिश्रा और ज्योजित यादव को हिरासत में लिया। दोनों प्रेमी-प्रेमिका बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार युवक और युवती प्रेमी-प्रेमिका हैं और योजनाबद्ध तरीके से रेलवे स्टेशन पर अकेली यात्रा करने वाली महिलाओं को अपना शिकार बनाते थे। दोनों पहले यात्रियों से बातचीत कर उनका विश्वास जीतते थे और फिर मदद के बहाने उन्हें खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराते थे। आरोप है कि इसी सामग्री में नशीली दवा मिलाकर महिला यात्रियों को बेहोश कर दिया जाता था। पीड़िता के अचेत होने के बाद आरोपी उसका सामान लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली नशीली दवा बरामद की है। बरामद सामग्री के संबंध में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
जीआरपी का कहना है कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। रामदयाल के खिलाफ पहले से 6 मुकदमे दर्ज हैं। जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि रेलवे सुरक्षाबल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर मुस्तैद हैं। उन्होंने लोगों से अपील किया कि यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा कर उसके द्वारा दी गई खान-पान की चीजों का सेवन कदापि न करें।