वाराणसी : कुएं में मिला अधेड़ का शव, घर से 200 मीटर दूर मिली साइकिल, परिजनों ने किया प्रदर्शन
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोपपुर गांव में गुरुवार शाम कुएं में पिंटू राजभर (50 वर्ष) का शव बरामद हुआ। कुएं के बाहर उनकी साइकिल और गमछा मिला। परिजनों ने हत्या कर शव कुएं में फेके जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। वहीं अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
पिंटू राजभर पेंटर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार शाम सात बजे बेटे आकाश को घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित कुएं के बाहर पिता की साइकिल और गमछा पड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, कुएं के बाहर और सड़क पर खून के निशान दिखाई दिए। वहां के हालात देखकर उन्हें शव घसीटकर कुएं में फेंके जाने की आशंका हुई।
घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना के बाद मौके पर चार थानों की पुलिस पहुंची। रात करीब नौ बजे पुलिस ने कुएं से शव निकाला। परिवार में पत्नी मंजू तीन बेटियां और बेटा आकाश है। एसओ सधुवन राम ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।