वाराणसी : बिहड़ा नहर के पास मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा नहर के समीप रविवार की सुबह 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मिर्जामुराद पुलिस, फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। ऐसे में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। 
 

रिपोर्ट - ओमकार नाथ

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा नहर के समीप रविवार की सुबह 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मिर्जामुराद पुलिस, फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। ऐसे में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। 

मृतक की शिनाख्त मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर गांव निवासी जग्गू पुत्र नन्दा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। 

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जग्गू की बहन की शादी बिहड़ा गांव में हुई है। उसने अपने भाई की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि युवक की मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। क्षेत्र में हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।