वाराणसी : निर्धारित रूट पर ही चलेंगी नावें, अफसरों ने नाविकों को बताई गाइडलाइन, मानक की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
वाराणसी। देव दीपावली पर गंगा में नौका संचालन को लेकर अपर पुलिस आयुक्त कानून व व्यवस्था एस चन्नप्पा की अध्यक्षता में अधिकारियों और नाविकों की मीटिंग हुई। अफसरों ने नाविकों को देवी दीपावली को लेकर निर्धारित गाइडलाइन से अवगत कराया। निर्धारित रूट पर ही नाविक नौका संचालन कर सकेंगे। वहीं सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखना होगा। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम की ओर से जारी लाइसेंस के अनुसार निर्धारित क्षमता तक सवारियों को नाविक नावों में बैठाएंगे। नाव पर सुरक्षा से संबंधित समस्त जीवन रक्षक उपकरण होने अनिवार्य हैं। लाइफ जैकेट, टार्च, रस्सा, लाउड हेलर की उपलब्धता होनी चाहिए। नशे की हालत में नाविक अथवा कोई सैलानी नाव में सवार पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि लाइफ जैकेट के बगैर कोई भी व्यक्ति नौका में सवार नहीं होगा। सभी नाविक अपना-अपना पहचान पत्र अपने साथ रखेंगे। पर्यटकों के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए, वरना सख्त कार्रवाई तय है। मीटिंग में डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन नीतू, उप सेनानायक एनडीआरएफ रामभुवन, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली ईशान सोनी, सहायक पुलिस आयुक्त धनंजय मिश्रा, एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा प्रभारी और स्मार्ट सिटी के अधिकारी मौजूद रहे।