वाराणसी : गंगा में नौका संचालन फिर शुरू होने से नाविकों में खुशी, विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
वाराणसी। गंगा के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण बंद किया गया नौका संचालन दोबारा शुरू होने के दूसरे दिन नाविक समाज में खुशी का माहौल है। नाविक समाज ने नौका संचालन बहाल कराने के लिए जिला प्रशासन और के प्रति आभार जताया है।
मां गंगा निषादराज सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद गुरु ने कहा कि नौका संचालन शुरू होने के बाद नाविक यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि नाविकों को लाइफ जैकेट, रस्सी और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि काशी के 84 घाटों के अलावा रामनगर, सुजाबाद और सरायमोहाना क्षेत्र में नौका संचालन करने वाले नाविकों को भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। किसी श्रद्धालु या कांवरिया के गंगा में डूबने जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर नाविकों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग करने के लिए कहा गया है।
विनोद कुमार निषाद गुरु ने सभी नाविकों से गंगा के तेज बहाव और बढ़े जलस्तर को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि नौका संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए और क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव में न बैठाया जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी नाविकों के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।