वाराणसी : बदमाशों ने बाइक सवार युवक को मारी गोली, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, पुलिस चौकी से महज 400 मीटर दूर हुई वारदात

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। फायरिंग में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद दो दोस्त बाल-बाल बच गए। घायल को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वारदात लालपुर पुलिस चौकी से महज 400 मीटर की दूरी पर हुई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
 

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। फायरिंग में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद दो दोस्त बाल-बाल बच गए। घायल को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वारदात लालपुर पुलिस चौकी से महज 400 मीटर की दूरी पर हुई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मड़वा लमही निवासी हिमांशु सिंह अपने दोस्त निर्भय सिंह निवासी चांदमारी और आदर्श गुप्ता निवासी चांदमारी बीडीए कॉलोनी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली आदर्श गुप्ता को लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वहीं, उसके दोनों साथी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। हिमांशु सिंह की तहरीर पर लव और कुश के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय ने भी घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपितों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। दोनों पक्ष पूर्व परिचित बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।