वाराणसी बना देश का पहला ‘हब एंड स्पोक’ केंद्र, विदेश यात्रा हुई और आसान, नागरिक उड्डयन मंत्री ने किया उद्घाटन 

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से देश की विमानन व्यवस्था में एक नई शुरुआत हुई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने बुधवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर देश के पहले ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल का उद्घाटन किया। इस नई व्यवस्था के लागू होने के साथ वाराणसी देश के उन प्रमुख शहरों में शामिल हो गया है, जहां से यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अधिक सुविधाजनक और निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी।
 

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से देश की विमानन व्यवस्था में एक नई शुरुआत हुई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने बुधवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर देश के पहले ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल का उद्घाटन किया। इस नई व्यवस्था के लागू होने के साथ वाराणसी देश के उन प्रमुख शहरों में शामिल हो गया है, जहां से यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अधिक सुविधाजनक और निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी।

नई व्यवस्था के तहत वाराणसी एयरपोर्ट को ‘प्राइमरी स्पोक’ के रूप में विकसित किया गया है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि विदेश जाने वाले यात्रियों को दिल्ली जैसे बड़े हब एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद दोबारा चेक-इन, बैगेज लेने, टर्मिनल बदलने या इमिग्रेशन की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। इमिग्रेशन और अन्य जरूरी औपचारिकताएं अब वाराणसी में ही पूरी की जा सकेंगी, जिससे यात्री दिल्ली पहुंचकर सीधे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ट्रांजिट कर सकेंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने इसे भारतीय विमानन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। साथ ही हवाई यात्रियों और विमानों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

 

मंत्री ने कहा कि यह मॉडल वाराणसी को वैश्विक विमानन नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल पूर्वांचल बल्कि बिहार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि अगले छह सप्ताह के भीतर देश के छह अन्य हवाई अड्डों पर भी इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान एयर इंडिया की विशेष उड़ान सेवा का भी शुभारंभ किया गया। पहली उड़ान वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हुई, जहां से यात्रियों को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई। इस नई व्यवस्था को सफल बनाने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने पहले से व्यापक तैयारियां की थीं।

 

हाल ही में केंद्र सरकार के एक उच्चस्तरीय दल ने वाराणसी एयरपोर्ट का दौरा कर इमिग्रेशन अधिकारियों और एयरलाइंस कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण दिया था। इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष पुनीत कुमार गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।