वाराणसी में लाट शाही मजार के पास प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण ध्वस्त कराए
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के पास रविवार को प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाट शाही मजार के आसपास के अवैध कब्जों को हटा दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने मजार के मुख्य भवन को बिना छेड़े, उसके आसपास बने अवैध निर्माणों को जेसीबी से जमींदोज करा दिया। साथ ही, मजार से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एडीएम सिटी, पीडब्ल्यूडी और पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूगरी में कार्रवाई की गई।
पीडब्ल्यूडी एक्सईएम केके सिंह ने बताया, “मजार के आसपास के अवैध कब्जों को हटाया गया है। मजार साइड से संबंधित अन्य दस्तावेज भी मांगे हैं, जिनके आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई पहले से तय प्रक्रिया के तहत की गई। अवैध निर्माण के खिलाफ पहले नोटिस जारी किया गया था और कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रशासन को बुलडोजर चलाना पड़ा।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, स्थानीय लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।