वाराणसी : अशरफी नगर फेज-2 में 27.64 लाख से बनेगा इंटरलॉकिंग मार्ग और नाला, विधायक ने किया शिलान्यास
वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के क्रम में विधायक डॉ. सुनील पटेल ने बुधवार को अवस्थापना निधि वर्ष 2025-26 के तहत मड़ाव स्थित अशरफी नगर फेज-2 में इंटरलॉकिंग सड़क एवं सीके ड्रेन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। निर्माण कार्य की लागत 27.64 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इससे कॉलोनी में आवागमन और जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की ओर से कराए जाने वाले इस निर्माण कार्य की लंबाई 219.80 मीटर है। यह कार्य प्रेमशीला चतुर्वेदी के मकान से सत्यदेव तिवारी के मकान तक कराया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासियों ने विधायक डॉ. सुनील पटेल का स्वागत किया और क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाने पर प्रसन्नता जताई।
इस अवसर पर विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही उनका मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। इंटरलॉकिंग सड़क बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं ड्रेन निर्माण से जलनिकासी की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव डॉ. उमेश पटेल, जिलाध्यक्ष युवा मंच मानस सिंह, वरिष्ठ युवा नेता अभिमन्यु सिंह, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश देवराज पटेल, विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल, कार्यालय प्रभारी राजकुमार कश्यप, ग्राम प्रधान प्रकाश कुमार गौंड, प्रदीप पटेल, भीम पटेल, विनोद पटेल, गोविंद पटेल, अवर अभियंता अनुज मौर्य, सहायक अभियंता राहुल चतुर्वेदी और ठेकेदार संजय कुमार सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।