वाराणसी : एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के जेई और लाइनमैन को घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा, मुकदमा दर्ज न करने के एवज में मांगे थे 20 हजार

भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम वाराणसी ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और एक लाइनमैन को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जेई और लाइनमैन ने मुकदमा दर्ज न करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की। इससे विभाग में खलबली मच गई। 
 

वाराणसी। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम वाराणसी ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और एक लाइनमैन को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जेई और लाइनमैन ने मुकदमा दर्ज न करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की। इससे विभाग में खलबली मच गई। 

मंडुवाडीह थाना के ककरमत्ता निवासी शुभम श्रीवास्तव ने शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि विद्युत विभाग के अधिकारी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज न कराने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना तैयार की। शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। टीम ने मंडुआडीह स्थित 33/11 केवी डीपीएच पावर हाउस के पास निगरानी शुरू की और जैसे ही आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने मौके पर ही दोनों को रंगेहाथ दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण कुमार (लाइनमैन, संविदाकर्मी), निवासी नैपुरा कला थाना लंका, वाराणसी तथा नवनीत कुमार (जूनियर इंजीनियर), निवासी जवांवा थाना गोपीगंज जनपद भदोही शामिल हैं। दोनों आरोपियों को टीम ने मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना रोहनिया में दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।