वाराणसी एयरपोर्ट से अगले साल शुरू हो सकती हैं नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, सिंगापुर-मालदीव समेत खाड़ी देशों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार कार्यों के बीच यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एयरपोर्ट प्राधिकरण की योजना के अनुसार अगले वर्ष से वाराणसी से सिंगापुर, मालदीव और खाड़ी देशों के लिए नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू की जा सकती हैं। इससे पूर्वांचल के यात्रियों को विदेश यात्रा के लिए अधिक सुविधाएं मिलेंगी।
वर्तमान में वाराणसी एयरपोर्ट से केवल तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित हो रही हैं, जिनमें बैंकॉक, शारजाह और नेपाल के लिए सेवाएं शामिल हैं। इन उड़ानों के माध्यम से प्रतिमाह औसतन 2 से 2.5 हजार यात्री सफर करते हैं।
एयरपोर्ट प्राधिकरण की ओर से नए अंतरराष्ट्रीय रूटों के लिए आवश्यक कवायद शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार वाराणसी एयरपोर्ट से कुछ देशों और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए लगातार मांग बढ़ रही है। इसी को देखते हुए उड़ानों की संख्या और नए रूटों पर संचालन की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।
नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा मिलेगा। काशी आने वाले विदेशी पर्यटकों और प्रवासी भारतीयों को भी सीधी हवाई सेवाओं का लाभ मिलेगा। एयरपोर्ट के विस्तार कार्य पूरे होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद जताई जा रही है।