वाराणसी : बीमार पत्नी की बीएचयू में मौत, घर पर पति का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। पांडेयपुर-लालपुर थाना क्षेत्र के प्रेमचंद नगर कॉलोनी में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार में पति-पत्नी की मौत की खबर सामने आई। बीएचयू में इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि घर पर पति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेमचंद नगर कॉलोनी निवासी सैयदा बेगम (75) लंबे समय से पेट की बीमारी से पीड़ित थीं। रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बीएचयू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सैयदा बेगम के पति हाजी सैयद कासिम अहमद (80) भी बीमार चल रहे थे। पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह काफी परेशान हो गए थे। जब परिजन सैयदा बेगम का शव लेकर घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां बाथरूम में हाजी सैयद कमाल अहमद का शव पड़ा मिला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा जताई, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।