वाराणसी : आठ साल के प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार, प्रेमी के घर धरने पर बैठी युवती
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्ष पुराने प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार करने का मामला सामने आया। प्रेमी पर शादी का वादा कर संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने का आरोप लगाते हुए युवती उसके घर के बाहर धरने पर बैठ गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक चली समझाइश के बाद धरना समाप्त कराया।
युवती लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि युवक बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी बताया गया है। युवती का आरोप है कि दोनों के बीच पिछले आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन अब विवाह करने से इनकार कर दिया।
बुधवार दोपहर युवती सीधे युवक के घर पहुंची और न्याय की मांग करते हुए धरने पर बैठ गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को धरना समाप्त करने के लिए राजी किया।
इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां मामले को लेकर बातचीत की गई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने नोटरी के माध्यम से विवाह किए जाने की बात भी कही है। फिलहाल दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही मामले का उचित निस्तारण कराया जाएगा।