वाराणसी : व्यापारी हत्याकांड से आक्रोश, मृतक के परिजनों संग धरने पर बैठे अधिवक्ता, किया चक्काजाम, बुलडोजर कार्रवाई की मांग

फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए व्यापारी मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने सड़क पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने आरोपितों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की मांग की। 
 

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए व्यापारी मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने सड़क पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने आरोपितों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की मांग की। 

अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में एक सख्त संदेश जाए।

बताया जा रहा है कि यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक कार से एक महिला को धक्का लग गया। इस मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने व्यापारी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने इस मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 5 अन्य आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।