पीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले वाराणसी प्रशासन हाईअलर्ट, अभेद्य होगी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस कमिश्नर और डीएम ने कार्यक्रम स्थल और रूट का किया निरीक्षण
वाराणसी। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर वाराणसी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की दिशा में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व्यवस्था, वीवीआईपी रूट और संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की पड़ताल की। दोनों अधिकारियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पीएम की सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य होगी।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात और आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष बात यह है कि कार्यक्रम स्थल की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था इस बार महिला पुलिसकर्मियों के हाथों में सौंपी गई है। महिला पुलिस अपनी दक्षता, सतर्कता और अनुशासित कार्यप्रणाली के साथ सुरक्षा प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएंगी।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण करते हुए प्रवेश और निकास द्वार, मंच क्षेत्र, बैठक व्यवस्था, वीवीआईपी मूवमेंट एरिया और संवेदनशील स्थानों का गहन परीक्षण किया। साथ ही बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित करने, प्रत्येक व्यक्ति की निर्धारित मानकों के अनुसार जांच सुनिश्चित करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में आने वाले अधिकारियों, अतिथियों और अन्य आगंतुकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया गया। विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए अलग पार्किंग जोन निर्धारित करने, स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने और दिशा सूचक संकेतक स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी को असुविधा न हो।
इसके अलावा वीवीआईपी रूट का बीएलडब्ल्यू से चौकाघाट तक निरीक्षण किया गया। मार्ग पर यातायात प्रवाह, संवेदनशील चौराहों, सड़कों की स्थिति और वैकल्पिक मार्गों की समीक्षा करते हुए मजबूत बैरिकेडिंग और प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त यातायात पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया है, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त (यातायात) अनिल कुमार यादव समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।