वाराणसी : सड़क पर गड्ढे खोदकर छोड़ने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई, पुलिस कमिश्नर ने दिए निर्देश

शहर में सुगम यातायात और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई मार्गों और चौराहों का दौरा कर वहां की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने साफ कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर कठोर कार्रवाई होगी। यदि गड्ढों की वजह से यातायात बाधित हुआ और जनता को परेशानी उठानी पड़ी, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर गिरफ्तारी तक की कार्रवाई की जाएगी।
 

वाराणसी। शहर में सुगम यातायात और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई मार्गों और चौराहों का दौरा कर वहां की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने साफ कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर कठोर कार्रवाई होगी। यदि गड्ढों की वजह से यातायात बाधित हुआ और जनता को परेशानी उठानी पड़ी, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर गिरफ्तारी तक की कार्रवाई की जाएगी।

सड़क निर्माण और मरम्मत में लापरवाही पर सख्ती
पुलिस आयुक्त ने पाया कि कई क्षेत्रों में ठेकेदारों ने 15–30 दिन से गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं, जिससे लोगों को भारी कठिनाई हो रही है। इस पर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसी लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रथयात्रा से गुरुबाग मार्ग, अरिहंत कॉम्पलेक्स, ब्रॉडवे होटल भेलूपुर, रविन्द्रपुरी, जैन नेत्रालय सुन्दरपुर और पॉपुलर हॉस्पिटल के सामने सड़क पर गड्ढे छोड़ने या मरम्मत न करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के आदेश दिए। 

पार्किंग व्यवस्था पर चेतावनी
पुलिस आयुक्त ने शहर में अव्यवस्थित पार्किंग को जाम की बड़ी वजह बताया। उन्होंने अरिहंत कॉम्पलेक्स, पॉपुलर हॉस्पिटल और आईपी मॉल सिगरा प्रबंधन को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है। इन संस्थानों को निर्देशित किया गया कि वे अपने यहां कर्मचारियों को तैनात कर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें। सड़क पर अवैध पार्किंग पाए जाने पर संबंधित संस्थान को बंद करने की कार्यवाही की जाएगी।

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने कई क्षेत्रों में फैले अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर नाराजगी जताई। उन्होंने यातायात पुलिस को आदेश दिया कि तेलियाबाग से मरीमाई तिराहा, चौकाघाट, कमच्छा तिराहा, कैंसर हॉस्पिटल सुन्दरपुर और मंडुवाडीह से लहरतारा तक फैले अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, ठेले-खोमचे आदि को तत्काल हटाया जाए और दोषियों पर अभियोग दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।


विभागीय समन्वय पर जोर
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित विभागों से लगातार समन्वय करें और जहां भी निर्माण या मरम्मत कार्य चल रहा है, उसे समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा कराएं। इस मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्र, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सोमवीर सिंह, संबंधित एसीपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।