वाराणसी : एसीपी ने सर्राफा बाजार की सुरक्षा का लिया जायजा, संवेदनशील इलाकों में पिकेट लगाने के निर्देश
वाराणसी। गोविंदपुरा सर्राफा बाजार में 16 जुलाई को हुई 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की घटना के बाद पुलिस ने सर्राफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन की मांग पर एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने शुक्रवार को सर्राफा बाजार के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसीपी ने ठठेरी बाजार, सुड़िया, रेशम कटरा, मच्छरहट्टा फाटक होते हुए गोविंदपुरा तक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने रास्ते में मौजूद संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया और चौक थाना प्रभारी को आवश्यक स्थानों पर पिकेट ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों से बाजार में लगातार निगरानी बनाए रखने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ के प्रतिष्ठान पर व्यापारियों के साथ घटना को लेकर चर्चा हुई। एसीपी डॉ. त्रिपाठी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि सोमवार तक मामले का पर्दाफाश कर दिया जाए।
इस दौरान रवि सर्राफ, पंकज सर्राफ, राघव दवे, जतिन रस्तोगी, राजा सेठ, किशोर सेठ, अमनदीप सिंह, कमल कुमार सिंह, जय किशन सिंह, सुनील सेठ, विवेक अग्रवाल और किशन सेठ सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।