वाराणसी : मोबाइल चोरी कर UPI फ्रॉड करने वाले आरोपी पकड़ाए, आदमपुर पुलिस ने 2 को दबोचा, 9 मोबाइल बरामद
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस के तहत चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान में थाना आदमपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोबाइल चोरी कर UPI के जरिए बैंक खातों से पैसे निकालने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पाल निवासी चौबेपुर और विनोद यादव निवासी भदोही के रूप में हुई है। दोनों को महेशपुर इंडस्ट्रियल एरिया, थाना मडुवाडीह क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना, सर्विलांस सेल और साइबर सेल की मदद से की गई। मामला थाना आदमपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 059/2026 से जुड़ा है, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज है।
घटना के मुताबिक, एक व्यक्ति का मोबाइल 11 मार्च 2026 को कोनिया से कैंट के बीच चोरी हो गया था। बाद में जब उसने नया सिम लेने की कोशिश की, तो पता चला कि उसका सिम किसी अन्य नेटवर्क में पोर्ट कर दिया गया है। आरोपियों ने उसी सिम के जरिए नई UPI ID बनाकर उसके बैंक खातों से करीब 1.5 लाख रुपये निकाल लिए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोबाइल चोरी करते थे और किसी न किसी तरीके से उनका लॉक खोल लेते थे। इसके बाद मोबाइल में लगे सिम या उससे जुड़े बैंक खातों का उपयोग कर UPI ID बनाते या पासवर्ड रीसेट कर पैसे ट्रांसफर कर लेते थे। अगर मोबाइल लॉक नहीं खुलता था, तो सिम निकालकर दूसरे फोन में लगाकर धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जन सुविधा केंद्रों या अन्य खातों में पैसा ट्रांसफर कर इमरजेंसी का बहाना बनाकर नकदी निकालते थे। अधिक रकम होने पर सिम को दूसरे ऑपरेटर में पोर्ट कर लंबे समय तक फ्रॉड जारी रखते थे। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।