वाराणसी : दुकान की पगड़ी के नाम पर 38.70 लाख हड़पने का आरोप, रुपये मांगने पर शूटरों से हत्या कराने की धमकी
वाराणसी। दुकान की पगड़ी के नाम पर 38 लाख 70 हजार रुपये लेने और बाद में किरायेदारी का अनुबंध करने से मुकरने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए माफिया के शूटरों से हत्या कराने की धमकी दी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर लक्सा थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जद्दूमंडी निवासी प्रकाश कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने व्यवसाय के लिए दुकान की तलाश कर रहे थे। अगस्त 2024 में उन्होंने इस संबंध में अपने परिचितों से चर्चा की थी। इसी दौरान उनके पूर्व परिचित चेतगंज निवासी शिवेंद्र उर्फ सोनू सिंह ने नई सड़क स्थित सूरजकुंड धोबियाना कटरे में अपनी दो दुकानें पगड़ी पर देने की बात कही। दोनों दुकानों के लिए कुल 78 लाख रुपये पगड़ी और तीन-तीन हजार रुपये प्रतिमाह किराया तय हुआ।
पीड़ित के मुताबिक, सितंबर 2024 में उन्होंने दुकानें देखीं। इसके बाद नवंबर 2024 से अक्टूबर 2025 के बीच किस्तों में कुल 38 लाख 70 हजार रुपये नकद शिवेंद्र को दिए। यह भुगतान परिचित शंकर लाल रस्तोगी और संदीप यादव के सामने किया गया।
अनुबंध के नाम पर करता रहा टालमटोल
प्रकाश कुमार का आरोप है कि एडवांस लेने के बाद आरोपी किरायेदारी का अनुबंध करने में टालमटोल करता रहा। उसने मार्च 2026 तक का समय मांगा। 15 अप्रैल 2026 की शाम पीड़ित अपने परिचितों के साथ मीरबाग इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात शिवेंद्र से हो गई। पीड़ित ने बाकी रकम और दुकान के अनुबंध के संबंध में बात की तो आरोपी भड़क गया।
आरोप है कि शिवेंद्र ने गाली-गलौज करते हुए 38 लाख 70 हजार रुपये भूल जाने की बात कही। साथ ही धमकी दी कि दोबारा रकम की चर्चा की तो इसी पैसे में से पांच लाख रुपये अपने माफिया मित्रों के शूटरों को देकर उसकी हत्या करवा देगा।
उपनिरीक्षक को सौंपी गई जांच
लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि शिवेंद्र उर्फ सोनू सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अभिषेक पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।